![]()
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। हावड़ा-नई दिल्ली, कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश और कोलकाता-अमृतसर के बीच चलने वाली इन ट्रेनों का ठहराव आसनसोल मंडल के दुर्गापुर, आसनसोल और चित्तरंजन समेत प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे जामताड़ा और आसपास के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त ट्रेन सुविधा मिल सकेगी। तीनों ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर और एसी कोच उपलब्ध रहेंगे। नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल के 9-9 फेरे 04052 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल नई दिल्ली से प्रत्येक शुक्रवार शाम 6:15 बजे चलेगी। इसका परिचालन 2 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक होगा और यह कुल नौ फेरे लगाएगी। अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में 04051 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल प्रत्येक रविवार रात 1:40 बजे हावड़ा से रवाना होगी। यह 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक नौ फेरे लगाएगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी। चित्तरंजन में ठहराव होने से जामताड़ा जिले के यात्रियों को इस ट्रेन से जुड़ने का विकल्प मिलेगा। ऋषिकेश जाने के लिए भी मिलेगी स्पेशल ट्रेन 04312 योग नगरी ऋषिकेश-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार रात 10:20 बजे योग नगरी ऋषिकेश से चलेगी। यह 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक छह फेरे लगाएगी और तीसरे दिन सुबह 8 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 04311 कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल प्रत्येक रविवार दोपहर 1:55 बजे कोलकाता से रवाना होगी। इसका परिचालन 18 अक्टूबर से 22 नवंबर तक होगा और अगले दिन रात 11:30 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन दुर्गापुर और आसनसोल में रुकेगी। जामताड़ा के यात्री आसनसोल या अन्य सुविधाजनक स्टेशन से इस ट्रेन का लाभ ले सकेंगे। अमृतसर स्पेशल के भी 8-8 फेरे 04624 अमृतसर-कोलकाता स्पेशल प्रत्येक बुधवार रात 8:10 बजे अमृतसर से रवाना होगी। यह 7 अक्टूबर से 25 नवंबर तक आठ फेरे लगाएगी और तीसरे दिन दोपहर 3 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 04623 कोलकाता-अमृतसर स्पेशल प्रत्येक शनिवार सुबह 4:45 बजे चलेगी। यह 10 अक्टूबर से 28 नवंबर तक आठ फेरे लगाएगी और अगले दिन रात 9:05 बजे अमृतसर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में इसका ठहराव दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह में होगा। चित्तरंजन स्टेशन पर ठहराव के कारण जामताड़ा समेत आसपास के यात्रियों के लिए यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा का अतिरिक्त विकल्प बनेगी। पर्व के दौरान नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के बीच इन स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जामताड़ा को 3 पूजा स्पेशल ट्रेनों से फायदा:दुर्गापुर-आसनसोल-चित्तरंजन स्टेशनों पर ठहराव; छठ तक यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा
