![]()
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। एसपी शंभू कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर इन आरोपियों को पकड़ा। यह छापेमारी जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनाबाद गांव स्थित विक्रम दास के घर और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव के समीप जंगल में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम दास (26), जय कुमार दास (23) और हेमंत दास (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। साइबर थाना कांड संख्या 48/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड बंद होने और केवाईसी अपडेट कराने के बहाने लोगों को झांसे में लेते थे। वे एटीएम कार्ड और बैंक खातों की गोपनीय जानकारी हासिल कर लाखों रुपये की साइबर ठगी करते थे। कुछ आरोपी Amazon Pay App के माध्यम से मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाकर केवाईसी अपडेट के बहाने ई-वॉलेट के जरिए भी लोगों से ठगी करते थे। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा लाखों रुपये की साइबर ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे साइबर सिंडिकेट का खुलासा करने की उम्मीद है। एसपी ने आशंका जताई कि इस गिरोह का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।
