![]()
जामताड़ा साइबर पुलिस ने जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फर्जी लिंक भेजकर ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हेडक्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह ने यह जानकारी दी। डीएसपी संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से तकनीकी निगरानी के बाद, साइबर थाना पुलिस निरीक्षक मोहम्मद फारूक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के काशीटांड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पीछे एक मैदान में छापेमारी कर दोनों अपराधियों को रंगे हाथों पकड़ा। दोनों आरोपी हैं आपस में फुफेरे भाई गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश कुमार दास (24) और दीपक कुमार दास (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों आपस में फुफेरे भाई हैं और लंबे समय से मिलकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके पास से कुल 7 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में महंगे आईफोन सहित अन्य स्मार्टफोन शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। डीएसपी ने बताया कि ये अपराधी एक्सिस बैंक के खाताधारकों को निशाना बनाते थे। वे व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी लिंक भेजकर लोगों को बताते थे कि उनका बैंक खाता बंद हो गया है। केवाईसी अपडेट करने के बहाने वे लोगों को झांसे में लेते थे और फिर ई-वॉलेट के माध्यम से उनके खातों से पैसे निकाल लेते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पूरे देश में सक्रिय रूप से साइबर ठगी कर रहे थे। फिलहाल साइबर पुलिस इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है। इस संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 22/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

