![]()
पश्चिम चंपारण के गौनाहा थाना क्षेत्र के काला पकड़ी गांव के समीप मंगलवार सुबह एक जामुन के पेड़ से एक महिला का शव लटका मिला। यह घटना पहकौल से काला पकड़ी जाने वाली मुख्य सड़क के पश्चिम स्थित बोरिंग सरेह में नागेश्वर काजी के गन्ने के खेत के पास हुई। मृतका की पहचान काला पकड़ी गांव के वार्ड संख्या 14 निवासी जमादार मांझी की 40 वर्षीय पत्नी रजनी देवी के रूप में हुई है। उनके एक पुत्र गोपी कुमार और एक पुत्री संतरेशा देवी हैं। रजनी देवी के गले में साड़ी का फंदा लगा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों की सूचना पर एसआई मधु कुमारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। घटना की सूचना मिलने पर एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। डीएसपी जयप्रकाश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतका के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। परिजन बोले- पट्टीदारों ने की थी मारपीट मृतका के परिजनों ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे पट्टीदार सकल मांझी, शंभू मांझी और सुकई मांझी ने रजनी देवी और उनकी पुत्री संतरेशा देवी के साथ मारपीट की थी। इस मारपीट की सूचना पर रात करीब 10 बजे 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद रजनी देवी अचानक घर से गायब हो गईं। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने उनका शव पेड़ से लटका देखा और पुलिस तथा परिजनों को इसकी सूचना दी। आवेदन मिलने पर कार्रवाई -थानाध्यक्ष मृतका के पति जमादार मांझी ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या या आत्महत्या की पुष्टि नहीं की है।
डीएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजा गया है। प्रभारी थानाध्यक्ष मधु कुमारी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक थाने में आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
