![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो जिला आयुष समिति बोकारो के तत्वावधान में शनिवार को जिले के चार प्रखंडों में आयुष शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगाए गए इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर का आयोजन नावाडीह प्रखंड के चपरी, चंदनकियारी के बोड़ियाडीह, चास प्रखंड के ग्वालाडीह तथा गोमिया के चिपरी गांव में किया गया। प्रत्येक प्रखंड में चिह्नित एक-एक आयुष ग्राम में यह कार्यक्रम हुआ। शिविर के दौरान आयुर्वेद में 311 और होम्योपैथी में 308 मरीजों की निशुल्क जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को रोग के अनुसार उचित परामर्श दिया और दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। साथ ही योग प्रशिक्षकों द्वारा मरीजों और ग्रामीणों को योगाभ्यास कराया गया। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिव शंकर पांडेय के आदेशानुसार जिला कार्यक्रम प्रबंधक मयंक मंजुल की देखरेख में कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिविर में डॉ. माधुरी कुमारी, डॉ. विशाल कुमार प्रमाणिक, डॉ. अनुपम बाला आदि थीं।
जिले के चार प्रखंडों में लगे आयुष शिविर, मरीजों की निशुल्क जांच कर दी गई सलाह
