Thursday, June 25, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

झामुमो युवा मोर्चा की प्रखंड व नगर कमेटियों की घोषणा


भास्कर न्यूज | गढ़वा कल्याणपुर स्थित आवासीय कार्यालय में शनिवार को पूर्व मंत्री सह झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में युवा मोर्चा जिला कमेटी की ओर से प्रखंड एवं नगर कमेटियों की घोषणा सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह खरवार ने की। जबकि संचालन जिला सचिव अतहर अली ने किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर थे। मौके पर जिले के कई प्रखंडों की नवगठित कमेटियों की औपचारिक घोषणा की गई। इनमें गढ़वा, मेराल, चिनियां, डंडा, रंका, रमकंडा, बड़गढ़, भंडरिया, कांडी, मझिआंव तथा बरडीहा प्रखंड कमेटियों के साथ-साथ गढ़वा नगर कमेटी भी शामिल है। नवगठित प्रखंड कमेटियों के पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि ने माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मौके पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गहन विचार-विमर्श के बाद योग्य और सक्रिय युवाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी पद पर मनोनयन मिलना सम्मान की बात जरूर है, लेकिन उससे भी बड़ी जिम्मेदारी यह है कि युवा पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ संगठन और समाज के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से चयनित युवाओं को संगठन में स्थान मिलना उनके लिए गौरव की बात है। अगर युवा शक्ति संकल्प ले ले, तो देश, राज्य और गढ़वा जिले का भविष्य बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों से अपील की कि वे पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें और संगठन को और मजबूत बनाएं। पूर्व मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के शेष नौ प्रखंडों की कमेटियों की घोषणा सह सम्मान समारोह अगले चरण में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही नवगठित प्रखंड कमिटी के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करने तथा पंचायत स्तर तक कमेटियों का गठन करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष शंभु राम, जिला सचिव शरीफ अंसारी, केंद्रीय समिति सदस्य नितेश सिंह, केंद्रीय सदस्य तनवीर आलम खान, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। समारोह के अंत में सभी नवगठित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles