Friday, May 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

झारखंड के पेट्रोल पंप पर आज भी उमड़ी भीड़:पंप खुलने के पहले ही पहुंच गए लोग, बढ़े दाम के साथ मिल रहा पेट्रोल-डीजल


झारखंड में शुक्रवार को भी विभिन्न पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की भीड़ उमड़ पड़ी। राजधानी रांची समेत तकरीबन हर जिले में ऐसा ही हाल दिखा। आज से पेट्रोल-डीजल में तीन-तीन रुपए की वृद्धि के साथ लोगों को कटौती के साथ ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। कई जगहों पर बाइक में 100 रुपए और कार में 500 रुपए तक के ही पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। बढ़े दाम और घंटों कतार में लगने के बाद मिल रहे पेट्रोल से लोगों की समस्या बढ़ गई है। रांची में पेट्रोल-डीजल की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। तेल कंपनियां मांग की तुलना में 30% तक कम सप्लाई कर रही है। गुरुवार को रांची के 56 पेट्रोल पंपों में से 12 पेट्रोल पंप ड्राई रहे। रांची में पेट्रोल 102.70 रुपए और डीजल 96.50 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। शुक्रवार की सुबह से जहां पेट्रोल उपलब्ध है, वहां गाड़ि़यों की लंबी कतार लगी है। धनबाद में पेट्रोल 102.72 और डीजल 95.84 रुपए पहुंचा
धनबाद में पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों के बीच चिंता का माहौल देखने को मिल रहा है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही भारी भीड़ जुट रही। लोग लंबी कतार में लगकर पेट्रोल और डीजल भरवा रहे हैं। स्थिति ऐसी है कि देर रात से ही पंपों पर वाहनों की लाइन लगी रही है। लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कमी हो सकती है। इसी वजह से लोग पहले से तेल जमा करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने इस तरह की बातों को पूरी तरह गलत बताया है। पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अशोक सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक भीड़ लगाने से परेशानी बढ़ रही है। सभी उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में तेल मिलेगा। इधर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पेट्रोल में करीब 3 रुपए और डीजल में 3 रुपए की वृद्धि हुई है। वहीं, निजी जियो कंपनी के पेट्रोल की कीमत 97.96 रुपए से बढ़कर 102.72 रुपए हो गई है, जबकि डीजल 92.71 रुपए से बढ़कर 95.84 रुपए पहुंच गया है। कीमत बढ़ने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। जमशेदपुर में पेट्रोल डीजल के लिए तीसरे दिन भी हाहाकार
जमशेदपुर में पेट्रोल डीजल के लिए लगातार तीसरे दिन भी हाहाकार मचा हुआ है शहर के कई पेट्रोल पंप बंद हैं तो वहीं कई पंप पर लोगों की लंबी कतार देखी जा रही है। लोग पेट्रोल डीजल लेने के लिए सुबह 4 बजे से लाइन में लगे हुए हैं। वहीं, आज से पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है। पेट्रोल के दाम 100. 76 रुपए जबकि डीजल के दाम 95.68 रुपए कर दिए गए हैं। पहले पेट्रोल 97.80 रुपए जबकि डीजल की कीमत 92.55 रुपए थे। कुछ पेट्रोल पंप में सिर्फ कैश लिया जा रहा है। जहां सिर्फ नगद राशि देकर पेट्रोल दिए जा रहे हैं, वहां लोगों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती कर दी है। रामगढ़ के पेट्रोल पंप में भी भीड़ देखी जा रही है। बता दें कि यहां भी पेट्रोल लेने के लिए लोग सुबह से ही लाइन में लगे हुए हैं। रामगढ़ में पहले नॉर्मल पेट्रोल का रेट 98.38 रुपए था, अब 101.44 रुपए हो गया है। वहीं, पेट्रोल पंप कर्मी का कहना है कि जब तक स्टॉक रहेगा, किसी को दिक्कत नहीं होने देंगे। चाईबासा में दोपहिया वाहनों को 100 रुपए का ही मिल रहा पेट्रोल चाईबासा में पेट्रोल संकट का असर शुक्रवार को भी देखने को मिला। कई पेट्रोल पंपों में अब भी सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया जा रहा है। हालांकि पिछले दिनों की तुलना में शुक्रवार को पेट्रोल पंपों में भीड़ थोड़ी कम नजर आई और स्थिति कुछ हद तक सामान्य दिखाई दी। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा दोपहिया वाहनों को 100 रुपए और चारपहिया वाहनों को 500 रुपए तक का पेट्रोल दिया जा रहा है। ताकि अधिक से अधिक लोगों को ईंधन उपलब्ध कराया जा सके। इधर, पेट्रोल दर में हुई वृद्धि को लेकर अधिकांश लोग इसे सामान्य बता रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि मौजूदा स्थिति में कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर ज्यादा नाराजगी नहीं है, बल्कि लोग पेट्रोल की उपलब्धता को प्राथमिकता दे रहे हैं। गिरिडीह में पेट्रोल-डीजल संकट गहराया, पंपों पर लगी लंबी कतारें
वहीं, गिरिडीह जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार सुबह से ही शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोग सुबह से ही अपनी गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे, ताकि समय रहते ईंधन मिल सके और रोजमर्रा के काम प्रभावित न हों। अचानक बढ़ी भीड़ और सीमित आपूर्ति के कारण कई जगहों पर अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई। पेट्रोल-डीजल की कीमत में करीब तीन रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। यहां नॉर्मल पेट्रोल के दाम 101.65 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। वहीं, शहर के कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। गिरिडीह शहर स्थित डालमिया पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल समाप्त हो जाने के कारण पंप को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। पंप के बाहर स्पष्ट रूप से सूचना चिपकाई गई है कि “पेट्रोल के लिए क्षमा करें”, जिसके बाद वहां पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। यहां कई प्रखंडों में भी पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा सीमित मात्रा में तेल दिया जा रहा है। कार चालकों को 500 से 1000 रुपए तक का ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है, जबकि बाइक चालकों को 200 से 300 रुपए तक का तेल मिल रहा है। पंप संचालकों का कहना है कि सीमित स्टॉक होने के कारण सभी ग्राहकों को थोड़ा-थोड़ा तेल देना मजबूरी बन गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों का काम चल सके। लातेहार में पेट्रोल-डीजल संकट बरकरार, सीमित मात्रा में मिल रहा तेल
लातेहार जिले में पेट्रोल और डीजल की किल्लत अब भी बनी हुई है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को सीमित मात्रा में ही तेल दिया जा रहा है। बाइक चालकों को मात्र 100 रुपए और कार चालकों को 500 रुपए तक का ही पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राहक गौतम कुमार, रवि वर्मा, पंकज वर्मा और पंचम गुप्ता ने बताया कि बाइक में सिर्फ 100 रुपए का तेल मिलने से बार-बार पेट्रोल पंप का चक्कर लगाना पड़ रहा है। वहीं, कार में 500 रुपए की सीमा तय होने से लंबी दूरी तय करने में डर बना हुआ है कि आगे तेल मिलेगा या नहीं। इधर, पेट्रोल पंप संचालक रघुवीर यादव और अमित कुमार ने बताया कि ऊपर से ही कम मात्रा में तेल की आपूर्ति हो रही है। इसी कारण परेशानी हो रही है। हालांकि उपलब्ध संसाधनों से स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है।
देवघर में डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ीं, आपूर्ति सीमित देवघर में भी शुक्रवार सुबह से ही शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जहां लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी होने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नई दर लागू होने के बाद पेट्रोल की कीमत 97.87 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 100.87 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल की कीमत 93.61 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 95.61 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। ईंधन के दाम बढ़ने के बाद वाहन चालकों, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और छोटे व्यवसायियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। दूसरी ओर कई पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि उन्हें डीजल और पेट्रोल की सीमित आपूर्ति मिल रही है। इस कारण उन्हें सभी ग्राहकों को संतुलित मात्रा में ईंधन देना पड़ रहा है। कुछ पंपों पर तो ईंधन खत्म होने की स्थिति भी देखी गई, जिससे वाहन चालकों की चिंता और बढ़ गई है। लोग जल्द से जल्द सामान्य आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद कर रहे हैं।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles