झारखंड के सभी जिलों में आज आंधी-बारिश:17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि की भी संभावना, 21 मार्च के बाद चढ़ेगा पारा

Date:


पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड का मौसम रविवार दोपहर बाद अचानक बदल गया। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में आसमान में घने बादल छा गए। गरज के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रांची शहरी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि आसपास के क्षेत्रों में कई जगहों पर बारिश हुई। राज्य के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में सबसे अधिक 8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। रांची का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार देर रात तक कई जगहों पर तेज हवा के साथ मेघ गर्जन होता रहा। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में तेज हवा और बिजली चमकने से सतर्क रहने की जरूरत भी महसूस की गई। 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, ओलावृष्टि की भी संभावना मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार 16 मार्च को राज्य के 24 जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कई स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। 18 और 19 मार्च को भी बदला रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को राज्य के सभी जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं 18 मार्च को रांची सहित राज्य के 18 जिलों में तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। हालांकि गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है। इसके बाद 19 मार्च को फिर से लगभग सभी जिलों में गर्जन के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। 21 मार्च के बाद फिर बढ़ेगा तापमान मौसम केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के ऊपर से एक टर्फ लाइन गुजर रही है। इसी वजह से राज्य में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार से यह सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, जिसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। हवा में नमी बढ़ने से बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश की घटनाएं बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 मार्च तक राज्य के अधिकांश जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इसके बाद 20 या 21 मार्च के बाद मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp