![]()
झारखंड में 19 अक्टूबर से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है। राज्य में 19 से 22 अक्टूबर तक सुबह कोहरा या कुहासा छा सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। कुछ दिनों में आंशिक बादल भी छा सकते हैं। मौसम केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 से 24 अक्टूबर तक राज्य के किसी भी जिले के लिए मौसम की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान बारिश की भी संभावना नहीं जताई गई है। रांची में 29 डिग्री रहेगा अधिकतम तापमान रांची और आसपास के क्षेत्रों में 19 अक्टूबर की सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 20 अक्टूबर को भी सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है। दिन में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 21 अक्टूबर को सुबह धुंध रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का अनुमान है। 22 अक्टूबर को सुबह धुंध के बाद आंशिक बादल छा सकते हैं। इस दिन भी अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मध्य से लेकर उत्तर-पूर्वी झारखंड तक मौसम रहेगा सामान्य मौसम विभाग के अनुसार, मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में 19 अक्टूबर की सुबह कोहरा या कुहासा छा सकता है। दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी सुबह कोहरा रहने और बाद में आंशिक बादल छाने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। इन सभी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक सुबह धुंध और दिन में साफ आसमान रहने की संभावना जताई गई है। 23 और 24 अक्टूबर को भी सुबह धुंध मौसम विभाग के अगले दो दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सुबह कोहरा या कुहासा छाने के साथ दिन में आंशिक बादल रह सकते हैं। 24 अक्टूबर को सुबह धुंध रहने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। रांची और आसपास के इलाकों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। इस अवधि में राज्य के किसी भी जिले के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। न्यूनतम तापमान में संभावित गिरावट के कारण सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ सकता है। हालांकि, दिन के तापमान में बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 से 24 अक्टूबर तक झारखंड में मौसम सामान्य बना रह सकता है।
झारखंड में आज से गिरेगा न्यूनतम तापमान:सुबह कोहरा और दिन में साफ रहेगा आसमान, 24 अक्टूबर तक बारिश की चेतावनी नहीं
