Sunday, May 24, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

झारखंड में 7 से 10 जून के बीच मानसून प्रवेश:कल तक पलामू, चतरा, गढ़वा में लू का प्रकोप, हीटवेव को लेकर सीएम ने दिए निर्देश


झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 35 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। राजधानी रांची में बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मेदिनीनगर 44.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। कोडरमा में 41.0, हजारीबाग में 40.6, लोहरदगा में 40.0, खूंटी में 39.4 और गुमला में 39.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज रांची का तापमान 40 डिग्री, जबकि 25 और 26 मई को 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। तेज धूप और उमस के कारण हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। कहीं लू का अलर्ट तो हल्की बारिश संभव मौसम विभाग ने पलामू, चतरा और गढ़वा में आज और कल लू चलने का पूर्वानुमान जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। 24-25 मई को उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। वहीं गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। 26-27 मई को जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला-खरसावां समेत दक्षिणी और मध्य भागों में तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है, लेकिन तापमान में गिरावट के आसार नहीं हैं। 28-29 मई को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। सीएम के निर्देश, हर हाल में पेयजल मिले भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों के लिए साफ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। सभी डीसी, एसपी, सीओ, बीडीओ, थाना प्रभारी और पंचायत प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। जहां जल संकट है, वहां टैंकर से तत्काल पानी पहुंचाने, बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्ट किया कि जनहित सर्वोपरि है। प्रशासन को संवेदनशीलता व तत्परता के साथ काम करना होगा। 7-10 जून तक झारखंड पहुंच सकता है मानसून भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अंडमान-निकोबार पहुंच चुका है। इसकी स्थिति अनुकूल बनी हुई है। 26 मई तक इसके केरल पहुंचने की संभावना है। इसके बाद संथाल परगना के रास्ते 7 से 10 जून के बीच झारखंड में मानसून के प्रवेश के संकेत हैं। झारखंड में इस साल मई में तापमान पिछले वर्ष की तुलना में 5 से 7 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। जहां पहले 36-38 डिग्री रहता था, वहीं अब 40-45 डिग्री तक पहुंच रहा है। फिलहाल लोगों को तेज गर्मी और लू से जूझना पड़ेगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles