![]()
भास्कर न्यूज | दुमका कामर दुधानी स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आर्चरी एकेडमी में दो दिनों तक चली 17वीं झारखंड राज्यस्तरीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026 रविवार को संपन्न हो गई। रिकर्व वर्ग में टाटा आर्चरी एकेडमी के खिलाड़ियों ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि कंपाउंड वर्ग में पूर्वी सिंहभूम के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। मेजबान दुमका के प्रकाश मांझी ने कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन 3 और 4 अक्टूबर को झारखंड तीरंदाजी संघ और दुमका जिला तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें जूनियर रिकर्व, इंडियन राउंड और कंपाउंड वर्ग में व्यक्तिगत, टीम और मिक्स्ड टीम स्पर्धाएं आयोजित हुईं। समारोह में जिला खेल पदाधिकारी तुफान पोद्दार, जिला खेल संघ अध्यक्ष उमाशंकर चौबे, जिला खेल समन्वयक रोहित प्रताप, डॉ. तुषार ज्योति, ब्रेंटियस किस्कू, राजीव रंजन, राजेश सिंह, दुमका केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश साह, विभीषण मुर्मू, भास्कर अजीत सिंह, क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव कुनाल झा, मानस शिखर, जिला तीरंदाजी संघ के सचिव देविधान टुडू, उपाध्यक्ष के.एन. सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। रिकर्व में गोल्डी मिश्रा और खुशी कुमारी चैंपियन जूनियर रिकर्व पुरुष वर्ग में टाटा आर्चरी एकेडमी के गोल्डी मिश्रा और महिला वर्ग में इसी एकेडमी की खुशी कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता। मिक्स्ड टीम स्पर्धा में भी गोल्डी मिश्रा और खुशी कुमारी की जोड़ी विजेता रही। इंडियन राउंड पुरुष वर्ग में पश्चिम सिंहभूम के योगेंद्र हेस्सा और महिला वर्ग में रांची की बेबी कुमारी ने खिताब अपने नाम किया। टीम स्पर्धा में पुरुष वर्ग में पश्चिम सिंहभूम और महिला वर्ग में रांची की टीम चैंपियन बनी। इस शानदार जीत के साथ ही प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। तीरंदाजी को ग्रामीण प्रतिभाओं तक पहुंचाने पर जोर समापन समारोह की मुख्य अतिथि जामा विधायक लुईस मरांडी ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी पारंपरिक खेल होने के साथ ओलंपिक खेल भी है। इसलिए इसे बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना जरूरी है। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से झारखंड की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
टाटा आर्चरी एकेडमी अव्वल , कंपाउंड में ईस्ट सिंहभूम का दबदबा
