Wednesday, April 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

टैक्स गड़बड़ी की आशंका में साहू वाइन शॉप पर आईटी का छापा


अरगोड़ा चौक स्थित चर्चित साहू वाइन शॉप पर रविवार को आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। दिन में करीब 12 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में काफी हलचल देखी गई। आयकर विभाग के अधिकारियों ने दुकान में मौजूद दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की। आयकर विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम टैक्स से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में दुकान पर पहुंची थी। अधिकारियों ने दुकान के कागजात, बिल-बुक, खातों के रजिस्टर और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की। आयकर की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुकान की आय और खर्च के विवरण में कहीं कोई गड़बड़ी या विसंगति तो नहीं है। छापेमारी के दौरान दुकान के संचालक से भी अधिकारियों ने पूछताछ की। उनसे दुकान के कारोबार, दैनिक बिक्री, टैक्स भुगतान और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई सवाल पूछे गए। अधिकारियों ने दुकान में मौजूद कर्मचारियों से भी कुछ जानकारियां जुटाई। आय-व्यय के दस्तावेजों में गड़बड़ी के शक पर हुई जांच आयकर सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग को दुकान के आय-व्यय से संबंधित कुछ दस्तावेजों और लेन-देन में विसंगति होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर विभाग ने जांच शुरू की है। माना जा रहा है कि बिक्री और घोषित आय के बीच अंतर की आशंका को लेकर यह कार्रवाई की गई है। छापेमारी की खबर मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोग पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते नजर आए। हालांकि आयकर विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामले में टैक्स से जुड़ी किसी तरह की अनियमितता सामने आती है या नहीं।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles