Sunday, May 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

टोटो-बाइक टक्कर के बाद मारपीट, पांच घायल:गिरिडीह के बरमसिया पार्क के पास लाठी-डंडों से हमला, सभी एक ही इलाके के रहने वाले


गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया पार्क के पास दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की पहचान, सभी एक ही इलाके के निवासी घटना में घायल युवकों की पहचान पचंबा थाना क्षेत्र के विशनपुर निवासी आदिल मलिक, महताब शेख, एमडी जावेद, मोहम्मद फिरोज और एमडी चांद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी युवक एक ही इलाके के रहने वाले हैं। झड़प के दौरान इन युवकों को लाठी-डंडों से पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की, जिससे समय रहते उनका इलाज शुरू हो सका। मोटरसाइकिल लेने लौटे युवकों पर हुआ हमला जानकारी के मुताबिक बरमसिया इलाके में एक ऑटो और बाइक के बीच टक्कर हो गई थी। टक्कर के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान कुछ युवकों और बाइक सवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद बाइक सवार युवक वहां से चले गए, लेकिन उनकी तीन मोटरसाइकिलें घटनास्थल पर ही छूट गईं। कुछ देर बाद जब वे अपनी मोटरसाइकिलें लेने वापस बरमसिया पार्क के पास पहुंचे, तो पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने शुरू की जांच, आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles