पश्चिमी सिंहभूम जिले के आयता गांव चौक पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में दो स्कूली छात्राएं घायल हो गईं। हादसा ट्रेलर द्वारा एक कार को टक्कर मारने की वजह से हुआ। छात्राएं सड़क किनारे स्कूल बस के इंतजार में एक होटल के पास खड़ी थी। इसी दौरान होटल की ओर मुड़ रही एक कार को ट्रेलर ने टक्कर मार दी और कार घिसटती हुई छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की मदद से छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ट्रेलर के ड्राइवर की लोगों ने पिटाई भी की इधर, हादसे का सीसीटीवी सामने आया है। वहीं, घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चाईबासा-टाटा मुख्य मार्ग को तीन घंटे तक जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित रहा। ट्रेलर के ड्राइवर की लोगों ने पिटाई भी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। घायल छात्राओं की पहचान सात वर्षीय अनुष्का कुमारी पान और आठ वर्षीय लवली तांती के रूप में की गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों छात्राओं को चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। एक छात्रा को आई गंभीर चोट
जांच में अनुष्का के सिर और छाती में गंभीर चोटें पाई गईं, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, लवली तांती को मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया और यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

