![]()
शनिवार को नवादा में एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। हिसुआ से नरहट जा रहे बाइक सवारों को आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। भीषण दुर्घटना में 22 वर्षीय अमर पासवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना मीनापुर गांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर हिसुआ की ओर से आ रहा था, जबकि बाइक नरहट की ओर जा रही थी। अचानक हुई टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रैक्टर के नीचे घुस गई। इससे बाइक पर सवार अमर पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायलों को गंभीर हालत में नवादा रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान विशाल कुमार और रणवीर कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को घेर लिया दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर को घेर लिया और चालक को पुलिस के हवाले करने की बात कही। थाना प्रभारी गौतम कुमार मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। मृतक अमर पासवान दरगाही ही बीघा गांव के निवासी राजेश पासवान का पुत्र था। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने रो-रोकर बुरा हाल कर रखा है और तेज रफ्तार ट्रैक्टर चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बाइक व साइकिल सवारों की जान को खतरा यह घटना जिले में ट्रैक्टरों की लापरवाही और अवैध तेज रफ्तार को लेकर उठ रहे सवालों को फिर ताजा कर गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर ट्रैक्टर बिना लाइट और बिना सावधानी के तेज गति से दौड़ते रहते हैं, जिससे बाइक व साइकिल सवारों की जान को खतरा बना रहता है। स्थानीय प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि ट्रैक्टर चालकों के लाइसेंस, फिटनेस और स्पीड पर सख्त निगरानी रखी जाए। इस घटना ने एक बार फिर बाइक चालकों को सतर्क रहने और हेलमेट व सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश भी दिया है। पुलिस मामले की जांच कर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की बात कह रही है।

