![]()
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक कार से तीन लाख रुपए से अधिक मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने सोमवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिसरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, एक सफेद कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब झारखंड से बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस ने इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद्रेरी–पलमटांड़ मुख्य सड़क पर चंद्रेरी देवी मंडप के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। 33 कार्टन में 792 बोतल अंग्रेजी शराब मिली जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 33 कार्टन में कुल 792 बोतल (प्रत्येक 375 एमएल) अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 3 लाख 24 हजार 720 रुपये है। कार में मौजूद व्यक्ति की पहचान बिहार के जमुई जिले के निवासी सुमित कुमार (25) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। शराब लदी कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में विवेक कुमार (थाना सिकंदरा, जमुई), मोहित (लखीसराय), हिमांशु सिंह (तिसरी, गिरिडीह) और सोनू यादव (तिसरी, गिरिडीह) भी शामिल हैं। ये सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि शराब को झारखंड से बिहार ले जाया जा रहा था। बिहार में शराबबंदी के कारण वहां इसकी तस्करी की जाती है। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
तिसरी में कार से 3.24 लाख की शराब बरामद:792 बोतल जब्त, बिहार ले जाने की थी तैयारी; जमुई निवासी एक गिरफ्तार
Date:




