Sunday, June 7, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

तेज आंधी और बारिश से गर्मी से राहत


भास्कर टीम| मोतिहारी शुक्रवार की रात आई तेज आंधी और बारिश ने जहां भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी, वहीं दूसरी ओर बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई क्षेत्रों में पेड़ और टहनियां बिजली के तारों व पोल पर गिर जाने से घंटों विद्युत आपूर्ति ठप रही। पीपरा थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में रातभर अंधेरा पसरा रहा, जबकि तुरकौलिया प्रखंड में करीब आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। तुरकौलिया में आंधी के दौरान एक पेड़ की बड़ी डाली बिजली के पोल और तार पर गिर गई, जिससे आपूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी। शनिवार सुबह विद्युत कर्मियों ने पेड़ की डालियों को काटकर हटाया और क्षतिग्रस्त तारों व पोल की मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की। वहीं पीपरा, चकिया और कल्याणपुर फीडरों में भी व्यापक क्षति पहुंची। इन फीडरों से जुड़े हजारों उपभोक्ता रातभर बिजली गुल रहने से परेशान रहे। उमस भरी गर्मी के कारण लोगों की नींद हराम हो गई, जबकि सुबह पेयजल संकट और मोबाइल चार्जिंग की समस्या भी खड़ी हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात में चली चक्रवाती हवाओं की गति इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर एचटी एवं एलटी लाइनों पर गिर गईं। कुछ जगहों पर बिजली के खंभों के झुकने की भी सूचना मिली है। सुरक्षा कारणों से विभाग ने कई क्षेत्रों में आपूर्ति बंद रखी। शनिवार सुबह से तकनीकी टीमों ने फाल्ट खोजने और लाइनों को दुरुस्त करने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा चरणबद्ध तरीके से सभी क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल की जा रही है। पिपराकोठी | प्रखंड क्षेत्र के ढेकहा, बेलपार गांव में शुक्रवार रात मौसम ठनका गिरने से आग लग गई। घटना में चार झोपड़ी जलकर राख हो गई। जिससे दो परिवारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय झोपड़ियों में कोई मौजूद नहीं था। जिससे कोई जान माल की हानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार गांव में एक कटहल के पेड़ पर ठनका गिरा। चिंगारी ने बगल के राजदेव महतो और नगीना महतो की झोपड़ी में आग लग गई। तेज हवा और फूस की झोपड़ी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते चार झोपड़ी जल गईं। आग की लहक व शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक घर में रखा सारा सामान जल चुका था। पीड़ित परिवारों के अनुसार आग से घर में रखा कपड़ा, जेवरात, अनाज, बर्तन, नगद और दो साइकिल समेत अन्य घरेलू सामान जल कर नष्ट हो गया। अगले पांच दिनों तक धूप और बादलों की आंख मिचौली जारी रहेगी। बीच-बीच में होने वाली बूंदाबांदी गर्मी से राहत तो देगी, लेकिन बढ़ती नमी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। बारिश के बाद तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई। शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन अधिक नमी के कारण लोगों को 39 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। 11 जून तक क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा। 7 जून को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिन की शुरुआत बूंदाबांदी से हो सकती है तथा बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके बाद 8 और 9 जून को तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन दोनों दिनों में दिनभर धूप रहने के बाद शाम या रात में हल्की बारिश की संभावना है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles