![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कुंडिसाधर गांव में बुधवार देर शाम एक सड़क हादसे में 5 वर्षीय कृष्ण पाड़िया की मौत हो गई। तेज रफ्तार सफेद कार की चपेट में आने से यह घटना हुई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। मृतक कृष्ण पाड़िया के पिता कुंदन पाड़िया ने बताया कि उनका बेटा घर के पास एक दुकान से सामान लेने गया था। मझगांव से बलांडिया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार सफेद कार ने विपरीत दिशा से आकर बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ने साइकिल को टक्कर मारी और भाग निकला प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कार चालक भागने का प्रयास कर रहा था। गांव के एक युवक ने अपनी साइकिल कार के आगे लगाकर उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने साइकिल को टक्कर मारी और तेजी से धनसारी की ओर फरार हो गया। घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुमारडुंगी ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा गया है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि कृष्ण का इसी माह आदित्यपुर के गम्हरिया स्थित एक निजी विद्यालय में नामांकन कराया गया था। वह पढ़ाई को लेकर काफी उत्साहित था। इस घटना से परिवार और गांव में गहरा दुख है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
