Wednesday, May 6, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से महिला की मौत:धनबाद में शादी में जा रहा था परिवार, बाप-बेटे की हालत गंभीर, देर रात सड़क जाम


धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरास मोड़, सिंह नगर के पास सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बलियापुर के निपानिया निवासी शत्रुघ्न महतो अपनी पत्नी ममता देवी और पुत्र संतोष महतो के साथ महुदा में एक शादी समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कोयला लदे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ममता देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शत्रुघ्न महतो और संतोष महतो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद सड़क जाम, लोगों में आक्रोश घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और मृतका के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का कहना था कि इस मार्ग पर कोयला लदे हाइवा वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। आक्रोशित लोगों ने हाइवा चालक की गिरफ्तारी और इस मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर नियंत्रण की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम हटवाया गया। इस दौरान यातायात काफी देर तक बाधित रहा। पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि धनसार और वास्तकोला क्षेत्र से कोयला लदे हाइवा दिन-रात केंदुआ रोड से बीएनआर साइडिंग तक दौड़ते रहते हैं, जिससे इस सड़क पर हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और यातायात नियंत्रण की मांग की है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles