Top 5 This Week

Related Posts

दंपती में हुआ विवाद, पति ने घर में लगाई आग:आसपास के तीन झोपड़ीनुमा घर भी जलकर खाक, पड़ोसी महिला झुलसी; आरोपी हिरासत में


पाकुड़ में देर रात एक दंपती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोशित पति ने अपने घर में ही आग लगा दिया। आग ने आसपास स्थित झोपड़ीनुमा तीन और घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत सिमलोंग ओपी थाना क्षेत्र के छोटा कुटलो गांव की है। इस घटना में चारों घर जलकर राख हो गए। वहीं, दंपती की पड़ोसी एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई । इधर, पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। टाली और लकड़ी से बना था घर दरअसल, छोटा कुटलो गांव निवासी ढेणा मुर्मू और उनकी पत्नी लुखीमुनि टुडू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर ढेणा मुर्मू ने अपने टाली और लकड़ी से बने घर में आग लगा दी। आग तेजी से फैलते हुए पड़ोस के लखीराम मुर्मू, चुनूस मुर्मू और सोनोत मुर्मू के घरों तक पहुंच गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया आग लगने से ढेणा मुर्मू और लखीराम मुर्मू के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि दो अन्य घरों को आंशिक क्षति पहुंची। ग्रामीणों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे अन्य घरों तक आग फैलने से बच गई। इस अग्निकांड में लाखों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लखीराम मुर्मू के घर में रखे लाखों रुपये नकद, जमीन के कागजात, धान, चावल, सरसों, अरहर और कपड़े जल गए।
घायल छमी मुर्मू सदर अस्पताल रेफर सामान निकालने के प्रयास में छमी मुर्मू (50) की साड़ी में आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं। सूचना मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल छमी मुर्मू का प्राथमिक उपचार किया। उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ सह सीओ संजय कुमार के निर्देश पर जोरडीहा पंचायत के मुखिया जोसेफ मालतो ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने चारों परिवारों को दो क्विंटल चावल, दो बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों के लिए वस्त्र तथा छावनी के लिए तिरपाल उपलब्ध कराया।

Spread the love

Popular Articles