![]()
दरभंगा में आज दिनदहाड़े लूट हुई है। अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी की दुकान को निशाना बनाते हुए हथियार के बल पर लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार की है। बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वैल्स नाम के दुकान, जिसे मनोज कुमार शाह संचालित करते हैं। इसमें चार की संख्या में आए अपराधियों ने अचानक धावा बोल दिया। बदमाशों ने हथियार लहराते हुए दुकान में मौजूद लोगों को डराया-धमकाया और देखते ही देखते करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी तेजी से मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों में भय है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है। फिलहाल, इस लूट की वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।


