![]()
दरभंगा में ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक रजनीश सदा(25) महेशी बटुआ गांव के रहने वाले थे। घटना बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल-कुशेश्वरस्थान मेन रोड की है। नंद किशोर सदा(32) और अजय मंडल का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक और ऑटो में सवार अजय मंडल सड़क पर गिरकर गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल अस्पताल लाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रजनीश को डीएमसीएच रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस वहीं, इस संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, दो लोग घायल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। ग्रामीणें का कहना है कि सुबह के समय तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ है। प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थलों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।


