![]()
दरभंगा में सोमवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने कन्हैई गांव के रहने वाले ब्रह्मदेव कुमार से 2 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया। ब्रह्मदेव कुमार ने भारतीय स्टेट बैंक की सुपौल बाजार शाखा से 2 लाख रुपए निकाले थे। बैंक से रुपए लेकर वे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुपौल हाट गाछी के पास पीछे से बाइक सवार आए और झपटामार फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, पर पकड़ में नहीं आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हाटगाछी थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने घटना की पुष्टि की है। घटना सुपौल बाजार की है।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। बाजार की दुकानों और मुख्य मार्गों पर लगे कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश हो रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में बढ़ रही छिनतई की घटनाओं पर चिंता जताई है। लोगों ने बैंक और बाजार परिसर के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।


