Home india दरभंगा में मनाया 114वां बिहार दिवस:214 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, मंत्री...

दरभंगा में मनाया 114वां बिहार दिवस:214 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, मंत्री ने बिहार को ज्ञान-मोक्ष की भूमि बताया

0
दरभंगा में मनाया 114वां बिहार दिवस:214 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र, मंत्री ने बिहार को ज्ञान-मोक्ष की भूमि बताया


दरभंगा के लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में आज 114वां बिहार दिवस समारोह भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह के दौरान स्मारिका “श्यामा कुंज” का विमोचन किया गया और “रमेश्वरी श्यामा: मिथिला की शाक्त तांत्रिक विरासत” विषय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों को मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराया। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि 22 मार्च 1912 को बिहार के बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग होने की ऐतिहासिक घटना की स्मृति में बिहार दिवस मनाया जाता है। उन्होंने सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए बिहार के सांस्कृतिक, साहित्यिक और ऐतिहासिक गौरव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बिहार को ज्ञान, विज्ञान और मोक्ष की भूमि बताया मंत्री मदन सहनी ने बिहार को ज्ञान, विज्ञान और मोक्ष की भूमि बताते हुए राज्य सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की। उन्होंने नियुक्ति एवं नियोजन पत्र वितरण को सराहनीय पहल बताया। वहीं, सांसद धर्मशिला गुप्ता और अन्य विधायकों ने भी बिहार की समृद्ध परंपरा और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से चयनित कुल 214 अभ्यर्थियों को नियुक्ति, नियोजन और प्रोन्नति पत्र प्रदान किए गए। इसमें मिशन शक्ति योजना के तहत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन और वन स्टॉप सेंटर के चयनित कर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। साथ ही, सदर, बेनीपुर और बिरौल अनुमंडल के 146 जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति प्रदान की गई। इसके अलावा 46 आंगनबाड़ी सेविकाओं को महिला पर्यवेक्षिका पद पर प्रोन्नत कर नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
बिहार दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए पेंटिंग, मैथ ओलंपियाड और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने उत्साह के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे उड़ाए। मंच संचालन राम बुझावन यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप विकास आयुक्त सप्निल ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, बेनीपुर विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, हायाघाट विधायक रामचंद्र प्रसाद, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश मंडल, जिलाधिकारी कौशल कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

Spread the love

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version