![]()
बेगूसराय में मंगलवार को एनडीए घटक दलों की बैठक हुई। यह बैठक दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू उम्मीदवार डॉ. घनश्याम राय के चुनाव को लेकर बुलाई गई थी। इसमें चुनाव की तैयारियों, संगठन के तालमेल और शिक्षक मतदाताओं से संपर्क पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने की, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने संचालन किया। राष्ट्रीय लोक मोर्चा, लोजपा और हम के जिलाध्यक्षों के साथ पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, पूर्व मेयर संजय सिंह, दरभंगा विधायक ईश्वर मंडल और स्नातक एमएलसी सर्वेश कुमार समेत कई नेताओं ने विचार रखे। वक्ताओं ने घटक दलों के बीच तालमेल और संगठन स्तर पर तैयारी बढ़ाने पर जोर दिया। जदयू जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने कहा, चुनावी गतिविधियां अनुशासन से चलेंगी। मतदाता सूची के आधार पर शिक्षक मतदाताओं से संपर्क कर उम्मीदवार के एजेंडे को उन तक पहुंचाने पर भी बात हुई। बैठक में शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। डॉ. घनश्याम राय ने कहा कि शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में अवसर मिलने पर शिक्षकों से जुड़े लंबित और आवश्यक विषयों को संबंधित मंचों पर उठाने तथा उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
दरभंगा में शिक्षक निर्वाचन चुनाव को लेकर एनडीए की बैठक:संगठनात्मक तालमेल और शिक्षक मतदाताओं से संपर्क की रणनीति पर हुई चर्चा
