
Suvendu Adhikari Dakshin Dinajpur Visit: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गा पूजा से पहले 2 अक्टूबर को दक्षिण दिनाजपुर की यात्रा पर जा सकते हैं. इस दौरान एयरपोर्ट समेत कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किये जाने की संभावना है. मुख्यमंत्री की जिला प्रशासन के साथ अहम बैठक भी हो सकती है. बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री की यह पहली दक्षिण दिनाजपुर यात्रा होगी. सीएम की यात्रा के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक की तैयारी अभी से शुरू कर दी है.
2 अक्टूबर को बालूरघाट आयेंगे शुभेंदु अधिकारी : सुकांत
बालूरघाट के सांसद और केंद्रीय मंत्री राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को मुख्यमंत्री बालूरघाट आयेंगे. इस दौरान बालूरघाट एयरपोर्ट से विमानों का आवागमन शुरू हो सकता है. शुभेंदु अधिकारी की सरकार पहले ही इस एयरपोर्ट को चालू करने की घोषणा कर चुकी है. ममता बनर्जी के शासनकाल में इस एयरपोर्ट का कायाकल्प किया गया था.
बालूरघाट में बन रहा मेडिकल कॉलेज
इतना ही नहीं, बालूरघाट जिला अस्पताल में दक्षिण दिनाजपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण की शुरुआत हो चुकी है. दक्षिण दिनाजपुर विश्वविद्यालय को किसी और जगह शिफ्ट करने समेत कई अन्य परियोजनाओं की भी शुरुआत हो सकती है.
बालूरघाट एयरपोर्ट के रन-वे का होगा विस्तार
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने बताया कि 2 अक्टूबर को दिन में करीब 12 बजे मुख्यमंत्री बालूरघाट के एयरपोर्ट पर उतरेंगे. सबसे पहले वह एयरपोर्ट का मुआयना करेंगे. एयरपोर्ट के रन-वे का विस्तार होगा. उन्होंने बताया कि वर्तमान रन-वे को और 90 मीटर बढ़ाया जायेगा. प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री देखेंगे कि केंद्र और राज्य सरकार की परियोजनाओं की क्या स्थिति है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में बंद पड़े एयरपोर्ट का नवीकरण करेगी सरकार : ममता बनर्जी
The post दुर्गा पूजा से पहले दक्षिण दिनाजपुर जायेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, एयरपोर्ट के काम में आयेगी तेजी appeared first on Prabhat Khabar.
