![]()
देवघर पुलिस ने आम जनता को त्वरित और सरल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘संवाद’ व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा की शुरुआत की है। एसपी सौरभ ने इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल के तहत अब लोगों को छोटी-छोटी पुलिस सेवाओं के लिए थाने का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वे घर बैठे अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ही आवश्यक जानकारी और सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। इस सेवा से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि लोगों की समस्याओं का समाधान भी तेजी से संभव हो सकेगा। शुभारंभ के मौके पर कई डीएसपी और अनुसंधान विंग के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। फिलहाल वन-वे सिस्टम में करेगा काम एसपी सौरभ ने कहा कि ‘संवाद’ चैटबॉट सेवा ‘पुलिस आपके द्वार’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक अहम पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य तकनीक के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना और संवाद को सरल बनाना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह सेवा अपने प्रारंभिक चरण में है। फिलहाल वन-वे सिस्टम के रूप में काम कर रही है, जिसमें नागरिक अपनी शिकायत, सुझाव और फीडबैक साझा कर सकते हैं। हालांकि, भविष्य में इसे टू-वे सिस्टम में विकसित किया जाएगा, जिससे संवाद और अधिक इंटरैक्टिव और प्रभावी बन सकेगा। ‘संवाद’ व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा में मिलेगी सुविधाएं खोये मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज करना
यातायात, जाम और चालान की जानकारी प्राप्त करना
पासपोर्ट सत्यापन में देरी या समस्या की शिकायत
चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान
पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति जानना
साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करना
एसपी कार्यालय में दिये गये आवेदन (पिटीशन) की स्थिति देखना
10 किलोमीटर के दायरे में नजदीकी थानों की मैप सहित जानकारी
जनता के सुझाव और फीडबैक देने की सुविधा
बिना थाना गये मोबाइल पर ही मिलेंगी कई पुलिस सेवाएं
खोये मोबाइल, ट्रैफिक, चालान और वेरिफिकेशन की मिलेगी जानकारी
शिकायत, सुझाव और फीडबैक सीधे पुलिस तक पहुंचाने की सुविधा
फिलहाल वन-वे सिस्टम, भविष्य में होगा टू-वे और अधिक सुविधाएं जुड़ेंगी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मिलेगी सुविधा यह चैटबॉट सेवा प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से नागरिकों द्वारा भेजी गई शिकायतों, सुझावों और फीडबैक की निगरानी भी संभव होगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि सूचनाएं सीधे पुलिस तक पहुंच रही हैं या नहीं। इससे पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी। एसपी ने नागरिकों से अपील की कि वे इस डिजिटल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें और एक सुरक्षित, जागरूक तथा सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता के सुझावों के आधार पर इस सेवा में और भी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, जिससे यह और अधिक उपयोगी और प्रभावशाली बन सके। क्या है संवाद चैटबॉट संवाद चैटबॉट एक स्मार्ट डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो 9296913006 व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से आम लोगों को सीधे पुलिस सेवाओं से जोड़ता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सहज, त्वरित और पारदर्शी सेवा प्रदान करना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी जरूरतों के लिए थाना नहीं जाना पड़े।
देवघर बना पुलिस ‘संवाद’ चैटबॉट देने वाला पहला जिला:9296913006 पर करें व्हाट्सएप, सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मिलेगी 6 सेवाएं
Date:




