![]()
जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत नीमा-चांदपुरा थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में रविवार को स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके घर के परिसर में बने भुसकार (भूसा रखने के स्थान) से एक अवैध देशी हथियार भी बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान शेरपुर गांव, वार्ड संख्या-7 निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। वह सतन महतों का पुत्र है। मामले की पुष्टि करते हुए नीमा-चांदपुरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि संजय कुमार को अवैध देशी हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि अवैध हथियार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


