Top 5 This Week

Related Posts

दो इंजीनियर 1.72 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार:हजारीबाग ACB ने कार्यपालक और सहायक अभियंता को रंगे हाथ पकड़ा


हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरही जलपथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी को गिरफ्तार किया है। दोनों को 1,72,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गुरुवार को रंगे हाथ पकड़ा गया। गंगा कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ब्रजेश कुमार राय ने इस संबंध में एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी कंपनी को कोडरमा/गिरिडीह जिले की पंचखेरो जलाशय योजना के तहत सड़क, ड्रेन, बाउंड्री पिलर और पैरापेट वॉल के निर्माण का कार्य मिला था। 5 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे थे आरोप के अनुसार, कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो इस कार्य के बदले संशोधित समझौते की राशि का 1 प्रतिशत, अब तक हुए भुगतान का 1 प्रतिशत और उड़नदस्ता टीम के नाम पर कुल 5 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। ब्रजेश कुमार राय ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग से लिखित शिकायत की। ब्यूरो ने मामले का सत्यापन किया और शिकायत को सही पाया। सत्यापन में पुष्टि हुई कि राहुल कुमार मालतो और चिरंजीवी दांगी मिलकर रिश्वत की मांग कर रहे थे। इसके बाद 08 अप्रैल 2026 को एसीबी थाना में कांड संख्या 03/2026 दर्ज किया गया। त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। गुरुवार को एसीबी टीम ने हजारीबाग में दंडाधिकारी और सरकारी गवाहों की उपस्थिति में जाल बिछाया। जैसे ही ब्रजेश कुमार राय ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1,72,000 रुपए दोनों अभियंताओं को दिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों को एसीबी कार्यालय लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ जारी है।

Spread the love

Popular Articles