Friday, June 12, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

दो दिन और बदलेगा मौसम का मिजाज:आज रांची समेत 15 जिलों में गर्जन, तेज हवा और वज्रपात के आसार; यलो अलर्ट


बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के मौसम पर साफ तौर पर दिखने लगा है। मंगलवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और देर शाम झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक हुई बारिश में रांची में लगभग 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बारिश के साथ शहर के आसपास कांके और रातू क्षेत्र में तेज हवा चली और ओलावृष्टि भी हुई। इससे मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को अचानक गर्मी से राहत मिली। दिनभर बादलों की आवाजाही और हवा के कारण शहर का माहौल सुहावना बना रहा। ओलावृष्टि और बारिश से तापमान में आई गिरावट बारिश और ओलावृष्टि का असर तापमान पर भी देखने को मिला। रांची का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 30.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अधिकतम तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान फिर से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है। अचानक बदले मौसम और हल्की ठंडक से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन आने वाले दिनों में फिर से तापमान बढ़ने की संभावना बनी हुई है। गर्जन, तेज हवा और वज्रपात का यलो अलर्ट मौसम विभाग ने बुधवार को रांची समेत राज्य के 15 जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। सुबह कोहरा, 13–14 को मौसम रहेगा साफ मंगलवार को सुबह से दोपहर तक रांची में धुंध की स्थिति बनी रही। घने कोहरे के कारण सुबह की हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं और एक विमान को रांची के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च को आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे उमस बढ़ने की संभावना है। वहीं 15 मार्च से मौसम फिर बदल सकता है। 15 और 16 मार्च को सुबह में कोहरा और दिन में बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles