![]()
पाकुड़ जिले के मध्य विद्यालय जिंदातो की अंडर-12 बालक फुटबॉल टीम ने रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित खेल और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य में तीसरा स्थान हासिल किया। कांस्य पदक मुकाबले में जिंदातो की टीम ने लोहरदगा की मजबूत टीम को 1-0 से हराकर यह उपलब्धि दर्ज की। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इन खिलाड़ियों ने अपने जज्बे और मेहनत से यह साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उपायुक्त ने किया सम्मान, खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन इस बड़ी उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में खिलाड़ियों और उनके कोच को सम्मानित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया, साथ ही फुटबॉल और पानी की बोतल भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया। उपायुक्त ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां जिले के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने खिलाड़ियों, कोच, शिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि मध्य विद्यालय जिंदातो बच्चों में खेल के प्रति रुचि जगाने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सराहनीय कार्य कर रहा है। जिले में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच उपायुक्त ने इस सफलता को जिले के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे अन्य बच्चे भी खेलों की ओर आकर्षित होंगे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि पाकुड़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने जिला क्रीड़ा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि उभरते खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थित और प्रभावी प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना जल्द तैयार करें। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत और जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने भी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी।

