Wednesday, October 7, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

धनबाद के तिलाटांड़ में शिक्षिका के क्वार्टर में आगजनी:शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, घर में रखा सामान जलकर खाक


कतरास थाना क्षेत्र के तिलाटांड़ कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर 323 में मंगलवार को भीषण आग लग गई। क्वार्टर डिनोबली स्कूल की खेल शिक्षिका प्रीति कुमारी का है। देखते ही देखते आग ने पूरे आवास को अपनी चपेट में ले लिया। घर से धुएं का गुबार और ऊंची लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय गृहस्वामी आवास पर मौजूद नहीं थीं, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े, जरूरी कागजात समेत लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने पाइप-बाल्टियों से संभाला मोर्चा आग की लपटें तेज होने के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और बाल्टियों तथा पाइप के सहारे आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग आसपास के क्वार्टरों तक नहीं पहुंचे, इसके लिए लोगों ने काफी देर तक मशक्कत की। स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। सूचना मिलने पर कतरास थाना पुलिस भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोग आग को नियंत्रित करने में जुटे रहे। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते आसपास के लोगों ने मोर्चा नहीं संभाला होता तो आग दूसरे क्वार्टरों तक भी फैल सकती थी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। डेढ़ घंटे बाद पहुंचा दमकल, लोगों में आक्रोश स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना की सूचना दिए जाने के करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। तब तक क्वार्टर में रखा अधिकांश कीमती सामान जल चुका था। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू किया और पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद घर को ठंडा किया गया, ताकि अंदर सुलग रही आग दोबारा न भड़के। दमकल के विलंब से पहुंचने पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखी गई। मौके पर मौजूद पूर्व पार्षद विनोद गोस्वामी, जदयू नेता उदय सिंह, जमसं नेता रिंकू सिंह और भाजपा नेता प्रदीप गुप्ता समेत अन्य लोगों ने कहा कि कतरास क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। उनका कहना था कि धनबाद से दमकल वाहन के पहुंचने में लंबा समय लग जाता है। आपात स्थिति में यही देरी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। लोगों ने कतरास में स्थायी अग्निशमन वाहन की व्यवस्था करने की मांग की।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles