Top 5 This Week

Related Posts

धनबाद में आमने-सामने भिड़े दो बाइक:बाइक सवार दोनों युवक हुए गंभीर, धनबाद ले जाते एक ने रास्ते में तोड़ा दम


गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदेया मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार जमुआ थाना क्षेत्र के पलरा निवासी रोहित कुमार अपनी बाइक से गिरिडीह की ओर जा रहे थे। वहीं, कोदेया निवासी सागर कुमार द्वारपाहरी की दिशा में बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कोदेया मोड़ के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। अस्पताल पहुंचाए गए घायल, हालत बनी नाजुक हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सागर कुमार की हालत बेहद गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया। धनबाद ले जाने के दौरान तोड़ा दम धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही सागर कुमार ने दम तोड़ दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, दूसरे घायल रोहित कुमार का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतक सागर कुमार के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Spread the love

Popular Articles