![]()
धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आर्यन केल्विन के फैंस मीट कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। आर्यन के मैदान में पहुंचते ही उनसे मिलने के लिए प्रशंसकों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते सुरक्षा के लिए लगाए गए लोहे के बैरियर टूट गए। कई प्रशंसक पर्दे फाड़ते हुए स्टेज पर चढ़ गए। इस दौरान बाउंसरों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्यक्रम में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और आखिरकार पुलिस ने कार्यक्रम बंद करा दिया। राजकीय शोक के कारण डीजे नहीं बजाने का दिया था निर्देश कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के लिए बाउंसरों के अलावा पुलिस की गश्त टीम भी तैनात की गई थी। कार्यक्रम शुरू होने से पहले धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय भी गोल्फ ग्राउंड पहुंचे थे। उन्होंने झारखंड के मंत्री दिव्य कुमार सोनू के निधन के कारण घोषित दो दिवसीय राजकीय शोक को देखते हुए डीजे नहीं बजाने का निर्देश आयोजकों को दिया। हालांकि, माइक के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी। आयोजकों ने पुलिस के निर्देश को मानते हुए डीजे नहीं बजाया। थाना प्रभारी ने बताया कि वे एसडीओ के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। राजकीय शोक के दौरान डीजे नहीं बजाने का आदेश दिया गया था। इसके बाद कार्यक्रम के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आयोजन बंद करा दिया। भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा आर्यन केल्विन के पहुंचते ही प्रशंसकों में उनसे नजदीक से मिलने और स्टेज तक पहुंचने की होड़ मच गई। सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरियर भीड़ का दबाव नहीं झेल सके और टूट गए। इसके बाद कई लोग पर्दे फाड़कर स्टेज पर पहुंच गए। बाउंसरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस की कोशिशों के बावजूद कार्यक्रम को आगे जारी रखना संभव नहीं हुआ। अंत में पुलिस ने कार्यक्रम बंद करा दिया। बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से भी प्रशंसकों के पहुंचने के कारण मैदान में भीड़ काफी बढ़ गई थी। बाइक से स्टंट करते युवक को पुलिस ने पकड़ा कार्यक्रम के दौरान गोल्फ ग्राउंड में बाइक से खतरनाक स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। बोकारो के सियालजारी निवासी 23 वर्षीय विकास मोदक को पुलिस ने स्टंट करते हुए पकड़ लिया। उस समय धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने युवक को पकड़ने के साथ उसकी बाइक जब्त कर ली। पूछताछ के बाद युवक को पीआर बांड पर रिहा कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त बाइक का चालान किया जाएगा।
धनबाद में आर्यन केल्विन के फैंस मीट में हंगामा:पुलिस ने बंद कराया कार्यक्रम; स्टंट करने वाला युवक पकड़ाया, स्टेज पर चढ़े प्रशंसक
