Top 5 This Week

Related Posts

धनबाद में दुकान के सामने मिला युवक का शव:कई बार रात में सड़क किनारे सोता था युवक, पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार


धनबाद के हीरापुर तेलीपाड़ा में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जनरल स्टोर के बाहर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। जय माता दी जनरल स्टोर के किनारे शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धनबाद थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक को इलाके में ‘डांगरा’ नाम से जाना जाता था। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया है कि वह टुंडी क्षेत्र का रहने वाला एक आदिवासी युवक था। वह हीरापुर और आसपास के इलाकों में रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक उसकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए आसपास के दुकानदारों और राहगीरों से लगातार पूछताछ कर रही है। स्थानीय निवासी निरंजन कुमार ने जानकारी दी कि मृतक अक्सर इसी क्षेत्र में देखा जाता था और कई बार रात में सड़क किनारे सोता था। धनबाद थाना के एएसआई राजीव कुमार चौबे ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मृतक की पहचान और उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Spread the love

Popular Articles