![]()
धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित साहेबगंज बस्ती में मंगलवार को एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वार्ड सदस्य सोनामुनी मरांडी के पति रूपलाल मरांडी पर अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुई। अज्ञात हमलावर घर में घुस और सो रहे रूपलाल मरांडी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। उनके सिर और गले पर कई गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। निरसा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, धनबाद भेज दिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। निरसा के एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और गले पर कुल्हाड़ी से हमले की पुष्टि हुई है। एसडीपीओ महतो ने कहा कि हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और हमलावर की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

