![]()
कोकपाड़ा-नरसिंहगढ़ ग्राम पंचायत की मुखिया विलासी सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर स्थिति को लेकर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री को मांग पत्र सौंपा। पत्र में पुराने भवन को ध्वस्त कर उसी स्थान पर नया अस्पताल भवन बनाने की मांग की गई है। इसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया गया है। विलासी सिंह के अनुसार धालभूमगढ़ प्रखंड और आसपास की आबादी करीब 50 हजार है। क्षेत्र में कोई निजी अस्पताल या नर्सिंग होम नहीं है। बीमारी, दुर्घटना, प्रसव, आपात स्थितियों में लोग इसी केंद्र पर निर्भर हैं। उन्होंने बताया कि भवन की दीवारों में दरारें हैं। बरसात में छत से पानी टपकता है। इससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। जगह की कमी के कारण कई मरीजों को इलाज के लिए दूर के अस्पतालों में जाना पड़ता है। मांग पत्र की प्रति पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू को भी भेजी गई। आवेदन सौंपने के दौरान डॉ. बलमुचू, विश्वजीत दे मौजूद थे।
धालभूमगढ़ सीएचसी की जर्जर इमारत तोड़कर नया अस्पताल बनाने की मांग
