Monday, August 31, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

नंदीग्राम से ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी ने दिया जवाब, कहा- 19.20 लाख मुस्लिम महिलाओं को मिले अन्नपूर्णा योजना के 3000 रुपए

Annapurna Yojana : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम से प्रदेश की पूर्व चीफ मिनिस्टर और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के आरोपों का जवाब दिया. बंगाल के सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने 19.20 लाख मुस्लिम महिलाओं को अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ दिया है. ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार चुनिंदा लोगों को अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ दे रही है.

जॉब कार्ड वालों को 125 दिन के काम की गारंटी

मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की घोषणा से पहले करीब 300 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की घोषणा की. शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपने गृह क्षेत्र में बताया कि अब विकसित भारत जी-रामजी योजना (पहले मनरेगा) के तहत लोगों को साल में 125 दिन तक काम की गारंटी मिलेगी. राज्य के सभी स्वयंसहायता समूहों को 30-30 हजार रुपए मिलेंगे.

नंदीग्राम की 67000 महिलाओं को मिले अन्नपूर्णा भंडार के 3000 रुपए

सितंबर महीने की शुरुआत से पहले ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अन्नपूर्णा योजना को लेकर भी बड़ी बात कही. उन्होंने बताया कि नंदीग्राम में 67 हजार महिलाओं के बैंक अकाउंट में अन्नपूर्णा योजना के 3,000-3,000 रुपए ट्रांसफर किये गये हैं. सीएम के मुताबिक, 5 हजार आवेदनों की अभी जांच चल रही है. अगर ये लोग योग्य पाये जाते हैं, तो उनके भी अकाउंट में तीन-तीन हजार रुपए ट्रांसफर कर दिये जायेंगे.

ये भी पढ़ें: अन्नपूर्णा भंडार योजना : खाते में नहीं आये 3000 रुपए तो क्या करें? जानें देरी की वजह और स्टेटस चेक करने का तरीका

लक्ष्मी भंडार में गड़बड़ी की वजह से तैयार करना पड़ा नया फॉर्म : शुभेंदु

इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया था कि सभी योग्य लोगों को अन्नपूर्णा योजना का लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ‘लक्ष्मी भंडार योजना’ में हुई गड़बड़ी की वजह से ‘अन्नपूर्णा भंडार योजना’ का पैसा मिलने में देरी हुई. ‘लक्ष्मी भंडार’ में घपले-घोटाले की वजह से ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को अन्नपूर्णा योजना के लिए नये सिरे से फॉर्म तैयार करना पड़ा. उन्होंने कहा कि अगर आवेदन में गड़बड़ी की वजह से किसी का नाम कटा है और वह योजना का लाभ पाने के योग्य है, तो उसमें सुधार किया जायेगा.

ये भी पढ़ें: टीएमसी का आरोप- अन्नपूर्णा भंडार भाजपा का पहला घोटाला, शुभेंदु अधिकारी ने दिया करारा जवाब

17 अगस्त से हुई अन्नपूर्णा भंडार योजना की शुरुआत

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि 17 अगस्त से अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत पैसे ट्रांसफर करने का काम शुरू हुआ था. करीब 1.46 करोड़ महिलाओं के खाते में पैसे भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई. हर महीने की 1 से 15 तारीख के बीच लाभुक के बैंक अकाउंट में पैसे आ जायेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि सितंबर के दूसरे सप्ताह में ही अन्नपूर्णा भंडार की लाभुकों के बैंक में पैसे पहुंच जायेंगे.

ममता बनर्जी ने चुनिंदा लोगों को पैसे देने के लगाये थे आरोप

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 24 अगस्त को फेसबुक लाइव करके शुभेंदु अधिकारी सरकार की अन्नपूर्णा भंडार योजना पर जमकर हमला बोला था. तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा था कि चुनिंदा लोगों को ही योजना के पैसे मिल रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी इसमें गड़बड़ी कर रही है.

ये भी पढ़ें: अन्नपूर्णा योजना के 3000 रुपए मिलने में क्यों हो रही देरी? शमिक भट्टाचार्य ने बतायी असली वजह

14564472 महिलाओं को मिले अन्नपूर्णा भंडार के पैसे

ममता बनर्जी के दावे पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आंकड़े भी सार्वजनिक किये. उन्होंने कहा कि 1 करोड़ 45 लाख 64 हजार 472 महिलाओं के अकाउंट में तीन-तीन हजार रुपए पहुंचे हैं. अन्य योग्य महिलाओं को भी योजना का पैसा मिलेगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.46 करोड़ लाभुकों में 19.20 लाख मुस्लिम हैं. इस बार कितने लोगों को योजना का लाभ मिलेगा, वह आंकड़ा भी वह सार्वजनिक करेंगे.

ये भी पढ़ें: अन्नपूर्णा भंडार योजना के नये नियमों का खुलासा, क्या एक ही परिवार की 2 महिलाओं को मिलेंगे 3-3 हजार रुपए?

बंगाल में ढाई लाख लोगों को मिला आयुष्मान कार्ड

नंदीग्राम में मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत हो चुकी है. अगर कोई केंद्र सरकार की इस योजना से वंचित रह जाता है, तो उसे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि 5 लाख रुपए के स्वास्थ्य बीमा का लाभ सभी को मिल रहा है. जिन लोगों ने हमें वोट नहीं दिया, उनको भी इस योजना का लाभ मिल रहा है. सीएम ने कहा कि ढाई लाख लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड मिल चुका है.

The post नंदीग्राम से ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी ने दिया जवाब, कहा- 19.20 लाख मुस्लिम महिलाओं को मिले अन्नपूर्णा योजना के 3000 रुपए appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles