![]()
नवादा स्थित गांधी आश्रम में गांधी जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री, विधायक समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान महात्मा गांधी के विचारों और उनके बताए रास्ते पर चलने का संदेश लोगों को दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि आम लोगों की भागीदारी और सामाजिक संस्थाओं के योगदान से भी संभव है। निशुल्क प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान के लिए प्रगति सम्मानित कार्यक्रम के दौरान नवादा जिले में समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले तीन लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें नूतन उदया फाउंडेशन की संचालिका प्रगति श्रीवास्तव, रक्तवीर जितेंद्र प्रताप जीतू और कृषि के क्षेत्र में कार्य करने वाले शिक्षक विनय कुमार शामिल रहे। प्रगति श्रीवास्तव बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही हैं। बच्चों को पेंटिंग समेत विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ अलग-अलग जगहों पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है। जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध करा रहे जितेंद्र जितेंद्र प्रताप जीतू जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने और रक्तदान के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जरूरत के समय लोगों तक रक्त पहुंचाने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की गई। नए कृषि प्रयासों के लिए विनय को सम्मान शिक्षक विनय कुमार कृषि के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। फल उत्पादन को बढ़ावा देने और कृषि से जुड़े नए प्रयासों के माध्यम से लोगों को खेती के प्रति प्रोत्साहित करने का काम कर रहे हैं। गांधी आश्रम में हर साल होता है विशेष कार्यक्रम गांधी आश्रम के सचिव अनिल कुमार ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर हर वर्ष आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस बार भी कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं और उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की जरूरत है।
नवादा में गांधी जयंती पर 3 लोगों को सम्मान:बच्चों को मुफ्त ट्रेनिंग देने वाली प्रगति, रक्तदान के लिए जीतू और कृषि के शिक्षक विनय हुए सम्मानित
