![]()
नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र के झुनठी गांव के पास मंगलवार को एक चलते डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन लपटों से घिर गया। डंपर से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, डंपर सामान्य रूप से सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। चालक ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति बिगड़ती देख चालक तुरंत डंपर से बाहर कूद गया और अपनी जान बचाई। घटना में चालक के सुरक्षित होने की बात कही जा रही है। कुछ ही देर में जलकर खाक हुआ डंपर आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही समय में डंपर का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया। सड़क किनारे वाहन में आग लगी देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इससे कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग लगने के कारणों की जांच जारी आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग की जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
