![]()
नवादा के नरहट थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा और साइकिल की हल्की टक्कर के बाद दो गांवों के लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद मौके पर पहुंची गश्ती पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया और पथराव किया। घटना में एक पुलिसकर्मी, चालक और चौकीदार को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस वाहन को भी मामूली नुकसान पहुंचा है। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया है। टक्कर के बाद दोनों पक्षों ने बुलाए परिजन घटना नरहट थाना क्षेत्र के बलुआही और भिखनपुरा गांव के लोगों के बीच हुई। मिली जानकारी के अनुसार, भिखनपुरा गांव के एक व्यक्ति के ई-रिक्शा और बलुआही गांव के एक युवक की साइकिल में बलुआही के पास हल्की टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और मारपीट होने लगी। ई-रिक्शा चालक ने फोन कर अपने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद साइकिल सवार युवक ने भी अपने परिवार के लोगों को मौके पर बुला लिया। दोनों पक्षों के लोगों के जुटने के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दो लोगों को बंधक बनाकर पीटने की सूचना डायल 112 को दी गई। डायल 112 के बाद गश्ती पुलिस पर भी हमला सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार के अनुसार, मौके पर मौजूद महिला सिपाही को अपनी सर्विस पिस्टल छीने जाने का डर हुआ। इसके बाद थाने को सूचना दी गई और गश्ती पुलिस को घटनास्थल पर भेजा गया। आरोप है कि गश्ती पुलिस के पहुंचने पर भी ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और पथराव किया। इसमें एक पुलिसकर्मी, चालक और चौकीदार को हल्की चोटें आईं। पुलिस वाहन को भी मामूली क्षति पहुंची। 13 नामजद समेत अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि मामले में आठ पुरुषों और तीन महिलाओं समेत कुल 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है। गश्ती दल में शामिल एएसआई पप्पू कुमार के लिखित आवेदन पर 13 नामजद आरोपितों और सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नवादा में पुलिस टीम पर पथराव:ई-रिक्शा-साइकिल की टक्कर के बाद बवाल; 3 पुलिसकर्मी घायल, 11 गिरफ्तार

