नवादा पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर साइबर डीएसपी शाहनवाज अख्तर के नेतृत्व में गठित टीम ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी विभिन्न ऑनलाइन कंपनियों के नाम पर लोगों को सस्ते लोन का झांसा देकर ठगी करते थे।यह गिरफ्तारी 26 मई को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के चकवाय गांव से की गई। पुलिस को प्रतिबिंब पोर्टल पर दिख रहे नंबरों के आधार पर इन अपराधियों का पता चला था। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 54/26 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का लालच देते थे
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त बजाज फाइनेंस, धनी फाइनेंस, मुद्रा फाइनेंस और इस्लामिक बैंक जैसी कंपनियों के नाम पर लोगों को कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का लालच देते थे। वे ग्राहकों का डेटा चुराकर उन्हें फोन कॉल करते थे।फोन पर बातचीत के दौरान, वे पीड़ितों से या तो ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) मांग लेते थे या उन्हें कोई लिंक भेजकर उनके मोबाइल फोन को हैक कर लेते थे। इसके बाद, वे पीड़ितों के बैंक खातों से धीरे-धीरे पैसे निकाल लेते थे। ठगी के लिए वे बहुत कम प्रोसेसिंग चार्ज की मांग करते थे, जिसे उपभोक्ता आसानी से चुका देते थे। 5 स्मार्टफोन और 1 सिम कार्ड बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान दीपू उर्फ दीपक कुमार (30 वर्ष), पिता भोनू राम उर्फ भुनेश्वर राम, और अजीत कुमार (25 वर्ष), पिता सुभाष सिंह के रूप में हुई है। दोनों चकवाय, वारिसलीगंज, नवादा के निवासी हैं। इनके पास से 5 स्मार्टफोन और 1 सिम कार्ड बरामद किया गया है।


