![]()
नवादा के रजौली में स्नातक निर्वाचन चुनाव को लेकर आयोजित संवाद कार्यक्रम में एमएलसी नीरज कुमार ने विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। इस दौरान क्षेत्र के विकास, आगामी चुनाव की तैयारियों और एनडीए को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कारी गांव में मेडिकल कॉलेज पर भी हुई चर्चा संवाद कार्यक्रम के दौरान कारी गांव में मेडिकल कॉलेज खोलने का मुद्दा भी उठा। एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर जल्द ही क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है। इसके शुरू होने से आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। नितिन नवीन की उपलब्धियों का किया जिक्र एमएलसी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन इसी क्षेत्र से निकले हैं और रजौली उनके लिए महत्वपूर्ण रहा है। आज वह राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर तैयारी की अपील स्नातक निर्वाचन चुनाव को लेकर नीरज कुमार ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से पूरी एकजुटता के साथ तैयारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनडीए को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया है और क्षेत्र में विकास के कई कार्य किए गए हैं। जाति-धर्म के नाम पर बांटने वालों पर निशाना एमएलसी ने कहा कि कुछ लोग धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने और लोगों को आपस में लड़ाने का काम करते हैं। उन्होंने बिहार के पुराने दौर का जिक्र करते हुए कहा कि पहले राज्य में नरसंहार और अपराध की कई घटनाएं होती थीं। नीतीश सरकार में अपराध पर लगाम का दावा नीरज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में अपराध पर लगाम लगी है और विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने नक्सल आंदोलन की कमर तोड़ने में भी बड़ी सफलता हासिल की है।
नवादा में स्नातक चुनाव की तैयारी में जुटा एनडीए:रजौली में नीरज ने साधा कार्यकर्ताओं से संवाद, कहा-'धर्म-जाति की राजनीति से बचें'
