![]()
प्रखंड थाना क्षेत्र के बेड़ाटोली से उगरा जाने के रास्ते में स्नान करने के दौरान कोयल नदी में डूबने से एक बालक की मृत्यु हो गई। बताया गया कि बच्चा गांव के ही अन्य बच्चों के साथ कोयल नदी में नहाने गया था। जहां नदी में सभी बच्चे स्नान कर रहे थे। तभी बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया। बच्चे को डूबते देख कर अन्य बच्चे गांव की ओर दौड़कर गए व गांव में हल्ला कर बच्चे के नदी में डूबने के बारे में बताया। जिसे सुन कर गांव के लोग नदी तट पर पहुंचे। जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों द्वारा बच्चा को नदी में घुस कर ढूंढना शुरू किया गया। काफी प्रयास से करीब तीन घंटा बाद स्थानीय गोताखोरों द्वारा बच्चे को बाहर निकाला जा सका। नदी से निकाल कर परिजन स्थानीय लोगों के सहयोग से बच्चे को सदर अस्पताल लोहरदगा ले गए। जहां चिकित्सकों द्वारा जांचोपरांत बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। वही मृत बच्चे की पहचान कलेहपाट निवासी कांग्रेसी नेता रुस्तम अंसारी के 12 वर्षीय पुत्र जियाउल मुस्तफा के रूप में किया गया। मामले की खबर सुन कर जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की, बीडीओ संग्राम मुर्मू, सीओ पंकज कुमार भगत, स्थानीय मुखिया श्रीराम उरांव, भड़गांव मुखिया अनिल उरांव द्वारा घटना स्थल कोयल नदी पहुंच कर सहयोग किया गया। वही एसआइ दयानंद सरस्वती ने कहा कि नहाने के क्रम में एक बच्चा कोयल नदी में डूब गया था। जिसका शव को बरामद कर लिया गया है। जिसे पोस्टमार्टम करा कर शव का अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सौंप दिया गया। बच्चे के डूबने से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी मातम पसरा हुआ है।


