![]()
नालंदा जिले में भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र को बदमाशों ने एक बार फिर अपना निशाना बनाया है। चार की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर सीएसपी संचालक को बंधक बनाया। 20 हजार रुपए कैश और लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव की है। चंडी इलाके के ‘पीनी पर’ गांव निवासी और सीएसपी संचालक संदीप पटेल ने बताया कि घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। अपने सेंटर पर काम कर रहे थे, तभी चार बदमाश अचानक अंदर घुसे। गन पॉइंट पर लेकर लूटपाट शुरू कर दी। यह पूरी खौफनाक वारदात सीएसपी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गमछा से चेहरा कवर कर रखा था सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बदमाश अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर गमछा बांधे और सिर पर टोपी पहने हुए दुकान के अंदर दाखिल होते हैं। वीडियो में अपराधी गन पॉइंट पर संचालक को बंधक बनाते हुए और बैग में पैसे रखते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उनका एक अन्य साथी लैपटॉप लेकर भागता हुआ नजर आ रहा है। पिछले साल भी हुई थी लाखों की लूट इस सीएसपी सेंटर की सुरक्षा पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि यहां लूट की यह कोई पहली घटना नहीं है। ठीक एक साल पहले, 11 सितंबर को भी तीन हथियारबंद बदमाशों ने इसी सेंटर पर धावा बोला था। उस वक्त अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर 2 लाख 60 हजार रुपए की बड़ी लूट की थी। भागते समय सीएसपी का शटर बाहर से गिरा दिया था।
एफएसएल की टीम बुलाई गई लूट की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस मामले की हर एंगल से गहन जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
