![]()
नालंदा में रविवार की देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई है। सभी खेत में काम कर रहे थे। मृतकों में पवन कुमार (10), ललित कुमार (35) और सुबोध कुमार (24) है। पहली घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के दादपुर-विशंभर बिगहा गांव की है। जहां पवन खेत में बोरियां उठा रहा था। इसी दौरान बिजली गिरी। स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। खेत में ही हुई मौत दूसरी घटना थरथरी प्रखंड के चिन्तामनचक गांव की है। जहां आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीय किसान ललित कुमार की मौत हुई है। अरविंद प्रसाद के बेटे ललित रविवार शाम को झरहा बधार स्थित अपने खेत में काम कर रहे थे। बिजली गिरी तो मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद परिजन को मौत की सूचना मिली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेत जुताई के वक्त गिरी बिजली तिसरी घटना हिलसा थाना क्षेत्र के कृष्णा बिगहा गांव की है। जहां भुवनेश्वर प्रसाद के 24 वर्षीय बेटे सुबोध कुमार हादसे का शिकार हो गए। सुबोध खेत की जुताई कर रहा था। अचानक बिजली गिरने से झुलस गया। ग्रामीणों की मदद से उसे अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


