![]()
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का 30वां स्थापना दिवस आज बिहारशरीफ स्थित आईएमए हॉल में बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला अध्यक्ष अशोक कुमार हिमांशु की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में राजद की विचारधारा और सामाजिक न्याय के संकल्प को दोहराया गया। सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी- शक्ति सिंह यादव प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने स्थापना काल से लेकर अब तक के संघर्षों को याद करते हुए सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राजद की स्थापना का मूल उद्देश्य सामाजिक न्याय और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना था। राजद ने सत्ता के लिए कभी अपनी नीतियों से समझौता नहीं किया और न ही भविष्य में करेगा। उन्होंने आर्थिक न्याय के प्रति तेजस्वी यादव की प्रतिबद्धता को पार्टी की प्राथमिकता बताया। बूथ स्तर तक पहुंचेगी पार्टी की नीति कार्यक्रम के प्रभारी अरविंद साहनी और खुर्शीद आलम सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय होने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के बिना देश में व्यवस्था परिवर्तन असंभव है। पार्टी की नीतियों को हर बूथ तक पहुँचाना अब मुख्य लक्ष्य है। समारोह के दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें देश विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहना होगा। देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है, लेकिन वर्तमान सरकार के पास जनहित की कोई स्पष्ट योजना नहीं है। उन्होंने प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए वर्तमान सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। तेजस्वी ने लालू प्रसाद यादव की नीतियों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। बड़ी संख्या में शामिल हुए दिग्गज नेता कार्यक्रम का संचालन युवा जिला अध्यक्ष मनोज यादव ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राकेश कुमार रोशन, हुमायूं अख्तर तारीक, रवि रंजन छोटू मुखिया, सुनील यादव, दीपक कुमार, खुर्शीद अंसारी, प्रमोद गुप्ता, महफूज आलम, बलराम मिस्त्री, दयानंद सिंह, निधि शर्मा, जीतू यादव, नवल यादव, अनिल कुमार अकेला, नगीना यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

