![]()
नालंदा के बिहार थाना क्षेत्र के उपरौरा गांव में कल रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने और कैश पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से घर के ताले को काटकर घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में पीड़ित परिवार ने गांव के ही किसी व्यक्ति के शामिल होने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही बिहार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। ताला काटकर की गई चोरी जिस घर में चोरी हुई है, वहां रहने वाले सदस्य दूसरी जगह पर सोने गए थे। दोपहर बाद जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य द्वार और बक्सों के ताले कटे हुए पाए गए। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि चोरों ने किसी अत्याधुनिक मशीन का इस्तेमाल कर ताला काटा है। घर के अंदर रखे बक्सों को खंगालकर चोरों ने कीमती गहने और कैश निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने घर के अन्य सामान और कपड़ों को छोड़ दिया और सिर्फ नकदी व जेवरात को ही निशाना बनाया। पीड़ित का कहना है कि घर में कागजात भी थे, लेकिन चोरों ने उन्हें छोड़ दिया और केवल पैसों से भरे बैग लेकर फरार हो गए। करीब 10 लाख के जेवरात और 3 लाख नगद की चोरी हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप और आशंका पीड़िता उमापति देवी, ने बताया कि उनके घर में हुई इस बड़ी चोरी के पीछे गांव के ही किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। उनका कहना है कि घर से बाहर का कोई व्यक्ति इतनी आसानी से इस तरह की घटना को अंजाम नहीं दे सकता। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें गांव के लोगों पर ही संदेह है। परिवार का कहना है कि वे इस दुखद स्थिति में प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग करते हैं। बता दें कि घर के मालिक महासुंदर कुमार गौरव मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज में कार्यरत हैं और वर्तमान में गया में पदस्थापित हैं। उनकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी और उनकी पत्नी के जेवरात घर में ही रखे थे। पुलिस की कार्रवाई और एफएसएल की टीम घटना की सूचना पाकर बिहार थाना की पुलिस मौके पर पहुंच। घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से विस्तार से जानकारी ली। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें। थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है, आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। फिलहाल, इलाके में इस घटना के बाद से लोग दहशत में हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सभी की नजरें टिकी हैं।

