![]()
नालंदा में चार साल के मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप चाचा बाली केवट पर लगा है। मृतक की पहचान नीतिलाल केवट के पुत्र आयुष कुमार(4) के रूप में हुई है। घटना इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव की है। ‘घर आते ही दरवाजा बंद कर लिया’ मृतक की मां रानी देवी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 2:00 मेरे भैसुर(जेठ) घर में आए। दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और बच्चे का गला दबा दिया। मेरी बेटी ऋषिका(6) ने चिल्लाकर बताया कि चाचा आयुष को अंदर ले गए हैं और उसका मुंह बंद कर दिया है। बच्ची की आवाज सुनकर पहुंची, इस बीच वो धमकी देते हुए फरार हो गया। आनन-फानन में बेसुध बच्चे को पहले एकंगरसराय और फिर पावापुरी मेडिकल कॉलेज लेकर गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गयाजी से गांव आया था जानकारी के मुताबिक आरोपी बाली केवट गयाजी में रहकर मछली बेचने का काम करता था। वारदात को अंजाम देने के लिए वह गांव आया था। जबकि आयुष के पिता लुधियाना में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। बेटे की हत्या की सूचना मिलने के बाग गांव के लिए रवाना हो गए हैं। आयुष दो भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी वहीं, इस्लामपुर थानाध्यक्ष रणविजय कुमार ने बताया कि बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। बच्चे की मां ने अपने भैसुर पर हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

