![]()
नालन्दा के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय मोहल्ले में बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर हुई सवा करोड़ रुपये की डकैती मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल सातवें आरोपित स्व.किशोरी महतो के बेटे मुकेश कुमार उर्फ अभिराज उर्फ पुतुल को गिरफ्तार कर लिया है। दीपनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जोरारपुर गांव में छापेमारी कर उसे दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से डकैती के 2 लाख रुपये नकद और सोने के कंगन बरामद किए गए हैं। वारदात के बाद दिल्ली भाग गया था आरोपित सदर डीएसपी-1 अमरनाथ ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि डकैती की घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस की दबिश से बचने के लिए आरोपित मुकेश कुमार दिल्ली भाग गया था। पुलिस टीम लगातार उसकी तकनीकी लोकेशन और गतिविधियों को ट्रेस कर रही थी। हाल ही में उसके गांव लौटने की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर दीपनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अब तक 7 गिरफ्तार, 8 बदमाशों की तलाश जारी डकैती कांड की जांच में कुल 15 बदमाशों की संलिप्तता सामने आई थी, जिनमें से अब तक 7 आरोपित सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। इससे पहले पुलिस ने डकैती की मुख्य साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड अजीत सिंह और उसके करीबी राजेश झा उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार किया था। लंगड़ा को नवादा के वारिसलीगंज से 1 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया था। इनके अलावा पुलिस संजीव, बिट्टी, आदित्य और बीज कारोबारी के घर की सटीक मुखबिरी करने वाले पूर्व ड्राइवर को भी जेल भेज चुकी है। पुलिस अब बचे हुए 8 फरार आरोपितों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। डकैती कांड में अब तक क्या-क्या हुआ है बरामद? पुलिस की सघन जांच और ताबड़तोड़ छापेमारी के कारण बीज कारोबारी के घर से लूटी गई सवा करोड़ की संपत्ति में से एक बड़ा हिस्सा अब तक पुलिस के हाथ लग चुका है। सातवें आरोपित मुकेश के पास से मिले 2 लाख रुपये को मिलाकर पुलिस अब तक कुल 19.43 लाख रुपये नकद बरामद कर चुकी है (पूर्व में पकड़े गए 5 आरोपितों से 16.43 लाख + छठे आरोपित लंगड़ा से 1 लाख + मुकेश से 2 लाख) एवं नकद के अलावा पुलिस अब तक 450 ग्राम सोने के आभूषण, 7 किलो चांदी, डायमंड और प्लैटिनम के कीमती जेवर भी आरोपितों की निशानदेही पर जब्त कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपितों के पकड़े जाने पर लूटी गई पूरी संपत्ति जल्द ही रिकवर कर ली जाएगी।
